खैनी लदा ट्रक बिजली के तारों में फंसा, लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 26 सितंबर मिहिजाम। शहर के हटिया-केलाही रोड पर शनिवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खैनी से लदा एक ऊंचा ट्रक सड़क किनारे गुजर रहे घरेलू बिजली के तारों की चपेट में आ गया। तारों के ट्रक में फंसते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से चालक को ट्रक रोकने के लिए कहा गया, जिसके बाद संभावित बड़ा हादसा टल गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, केलाही रोड पर पवन नामक खैनी कारोबारी का गोदाम है। बताया गया कि उत्तर प्रदेश से खैनी की खेप लेकर एक ट्रक शनिवार सुबह मिहिजाम पहुंचा था। हटिया-केलाही रोड से गुजरने के दौरान ट्रक की ऊंचाई अधिक होने के कारण ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार उसकी चपेट में आ गए। तारों के खिंचने से कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।घटना के दौरान खैनी से भरे कई बोरे भी ट्रक से नीचे गिरकर सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर बिजली के तार अपेक्षाकृत नीचे होने के कारण पहले भी खैनी लदे वाहनों से ऐसी घटना हो चुकी है। लोगों के मुताबिक, पूर्व में ट्रक की चपेट में आने से बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट की घटना भी हुई थी। शनिवार को दोबारा ऐसी स्थिति बनने से लोगों में चिंता बढ़ गई।घटना के बाद क्षतिग्रस्त बिजली के तारों की मरम्मत कराई गई। स्थानीय लोगों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सड़क से गुजरने वाले ऊंचे मालवाहक वाहनों और बिजली के तारों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने की मांग की है। फिलहाल लोगों की सतर्कता से एक संभावित गंभीर हादसा टल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *