आसनसोल राइफल क्लब की सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने की जमकर तारीफ, बोले- देश के चुनिंदा बेहतरीन क्लबों में है शामिल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 28 सितंबर आसनसोल। आसनसोल राइफल क्लब की उपलब्धियों और यहां आयोजित होने वाली निशानेबाजी प्रतियोगिताओं की रविवार को सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने सराहना की। एक प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंचे सांसद ने क्लब को न केवल पश्चिम बंगाल, बल्कि देश के प्रमुख राइफल क्लबों में शुमार बताया। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आसनसोल राइफल क्लब ने निशानेबाजी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके मुताबिक क्लब में नियमित रूप से प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है और यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले कई निशानेबाज लगातार बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए सभी को बधाई दी।सांसद ने कहा कि वह क्लब से जुड़े ढाल साहब, आयोजकों, प्रशिक्षुओं और प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यक्रम में पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि जो खिलाड़ी लगातार अभ्यास कर रहे हैं, प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर रहे हैं और अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं, वे सभी बधाई के पात्र हैं।उन्होंने आसनसोल में इस प्रकार के खेल आयोजनों के लगातार होने की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। सांसद ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी वह आसनसोल राइफल क्लब और अन्य आयोजनों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहेंगे। अंत में उन्होंने क्लब की प्रगति और सभी प्रतिभागियों के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *