न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 28 सितंबर सालानपुर। बाराबनी प्रखंड की सीमा से सटे काशकुली स्थित मंदिरा डैम में डूबने से 20 वर्षीय छात्र सुप्रियो चक्रवर्ती की मौत हो गई। रविवार सुबह शव मिलने के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया। घटना से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।जानकारी के अनुसार, शनिवार 27 सितंबर को दुर्गापुर के एक निजी शिक्षण संस्थान से जुड़े छह छात्र घूमने के लिए मंदिरा डैम पहुंचे थे। डैम का प्राकृतिक और मनोरम वातावरण देखने के दौरान कुछ छात्र पानी के करीब चले गए। बताया जा रहा है कि वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी में नहीं उतरने की सलाह भी दी थी।इसके बावजूद कुछ छात्र पानी में उतर गए। इसी दौरान सुप्रियो अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। शाम होने के कारण शनिवार को व्यापक स्तर पर तलाशी अभियान चलाना संभव नहीं हो सका।घटना की सूचना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम को दी गई। रविवार 28 सितंबर की सुबह से ही डैम में खोजबीन शुरू की गई। सिविल डिफेंस के प्रशिक्षित गोताखोरों तथा पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से कई घंटे तक पानी में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयास के बाद सुप्रियो का शव डैम से बरामद किया गया।बताया गया कि मृतक के पिता दिव्येंदु चक्रवर्ती आसनसोल के व्यवसायी हैं, जबकि उसकी मां कुल्टी स्थित एक विद्यालय में शिक्षिका हैं। सुप्रियो अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।सूचना मिलते ही बाराबनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी गहरा शोक व्याप्त है।
काशकुली के मंदिरा डैम में डूबा 20 वर्षीय छात्र, घंटों की तलाश के बाद बरामद हुआ शव

