बैंकिंग सेवाओं पर नहीं पड़ेगा हड़ताल का असर, तीन दिवसीय आंदोलन फिलहाल स्थगित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 28 सितंबर जामताड़ा। बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई अहम वार्ता के बाद प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल समेत अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रमों को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हड़ताल टलने से बैंक ग्राहकों को राहत मिली है और बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका भी फिलहाल दूर हो गई है।स्टेट बैंक स्टाफ यूनियन के रीजनल सेक्रेटरी सौरभ राय के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे IBA और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। इसमें कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और UFBU ने प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया।बैठक में बैंक कर्मचारियों की शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग भी प्रमुख मुद्दा रही। इस विषय पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। समिति उपलब्ध विकल्पों का अध्ययन करने के साथ संबंधित पक्षों से विचार-विमर्श करेगी। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा।स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) योजना को लेकर भी चर्चा जारी रखने का निर्णय लिया गया है। यूनियनों और एसोसिएशनों की आपत्तियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक संशोधनों पर IBA के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जाएगा।इसके अलावा 8 मार्च 2024 के कार्यवृत्त में दर्ज अन्य लंबित विषयों पर भी बातचीत जारी रखने और शीघ्र समाधान निकालने पर सहमति बनी है। फिलहाल हड़ताल स्थगित होने से बैंकिंग कामकाज सामान्य रहने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *