श्रीनगर में BSF जवान मनु साहू का निधन, महिशीला में अंतिम दर्शन को उमड़ा जनसैलाब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 सितंबर आसनसोल। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान मनु साहू का हृदयाघात से निधन हो गया। रविवार को उनका पार्थिव शरीर आसनसोल के महिशीला स्थित पैतृक आवास पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रिश्तेदार और परिचित उनके घर पहुंचे।जानकारी के अनुसार, मनु साहू श्रीनगर में ड्यूटी पर तैनात थे। करीब दो दिन पहले ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। सहकर्मियों के मुताबिक, रात में भोजन करने के बाद वह अन्य जवानों के साथ सोने चले गए थे। सुबह काफी देर तक जब वह नहीं उठे, तो साथियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। स्थिति गंभीर देखकर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।BSF के एसआई आनंद कर्मकार ने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार जवान की मौत हृदयाघात के कारण हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। रविवार को जब पार्थिव शरीर महिशीला पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।मनु साहू के निधन की खबर मिलने पर आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने प्रतिनिधियों को जवान के घर भेजकर परिवार से मुलाकात कराई। मंत्री की ओर से परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया और कहा गया कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है।पार्थिव शरीर के पहुंचने के बाद महिशीला में लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम श्रद्धांजलि दी। इलाके में देर तक गमगीन माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *