घाघरबुड़ी मंदिर के पास बेकाबू कार का कहर, पांच लोग घायल; डिवाइडर से टकराने के बाद टूरिस्ट बस में घुसी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 27 सितंबर आसनसोल। आसनसोल में रविवार दोपहर 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाघरबुड़ी मंदिर के समीप एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चार राहगीरों समेत कार चालक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को उपचार के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार आसनसोल से दुर्गापुर की ओर जा रही थी। घाघरबुड़ी मंदिर के पास पहुंचते ही अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया। कार पहले सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। इसी दौरान डिवाइडर के किनारे सड़क पार करने के लिए खड़े चार लोग कार की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों राहगीर सड़क पर दूर जा गिरे।राहगीरों को टक्कर मारने के बाद भी कार नहीं रुकी और सड़क किनारे खड़ी एक टूरिस्ट बस से जा भिड़ी। इस टक्कर में कार चालक भी घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए और घायलों की मदद में लग गए।जानकारी मिलने पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस के साथ ट्रैफिक गार्ड की टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी पांच घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर वाहन की रफ्तार, चालक के नियंत्रण खोने तथा संभावित तकनीकी खराबी समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *