बकाया भुगतान और सुरक्षा की मांग पर एलोक्विंट फैक्ट्री में मजदूरों का हंगामा, 200 से अधिक ने रोका काम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 सितंबर आसनसोल। आसनसोल के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एलोक्विंट फैक्ट्री में सोमवार को मजदूरों का असंतोष खुलकर सामने आया। ठेकेदार पर कथित तौर पर बकाया भुगतान में देरी और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए करीब 200 से अधिक श्रमिकों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और समस्या के तत्काल समाधान की मांग की।प्रदर्शनकारी श्रमिकों का आरोप है कि लंबे समय से उनके एरियर का भुगतान लंबित है। कई बार संबंधित लोगों से भुगतान की मांग किए जाने के बावजूद अब तक बकाया राशि नहीं दी गई। मजदूरों का यह भी कहना है कि फैक्ट्री में काम करने के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और जरूरी इंतजाम उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। उनका दावा है कि असुरक्षित परिस्थितियों में काम करने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।श्रमिकों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व फैक्ट्री प्रबंधन और बीएमएस के पदाधिकारियों की मौजूदगी में बकाया भुगतान तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वासन दिया गया था। मजदूरों का आरोप है कि इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ और ठेकेदार की ओर से उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया गया।मजदूरों ने तीन प्रमुख मांगें सामने रखी हैं। इनमें लंबित एरियर का तत्काल भुगतान, उचित मजदूरी के अनुरूप प्रतिदिन की हाजिरी सुनिश्चित करना तथा कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना शामिल है।श्रमिकों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, उनका शांतिपूर्ण विरोध जारी रहेगा। वहीं, मामले को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन अथवा आरोपित ठेकेदार पप्पू सिंह का पक्ष समाचार लिखे जाने तक सामने नहीं आया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *