तालाब ने निगली तीन मासूम जिंदगियां, खेलते-खेलते मौत के मुंह में समाए तीन बच्चे

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा सदर थाना क्षेत्र के चेगायडीह गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। खेलते-खेलते तालाब तक पहुंचे तीन मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जबकि हादसे के बाद मृतक बच्चों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर गांव के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। इसी दौरान वे घर से करीब आधा किलोमीटर दूर चिरकुटोला स्थित तालाब की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि तालाब के गहरे पानी में जाने के बाद तीनों बच्चे डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो ग्रामीण तत्काल तालाब की ओर दौड़े और बच्चों को पानी से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की।ग्रामीणों के प्रयास से तीनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान आर्यन अंसारी (5), पिता जसीमुद्दीन अंसारी, नासिर अंसारी (लगभग 6), पिता तबारक अंसारी तथा अमर सोहेल (लगभग 6), पिता सजाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है।एक ही गांव के तीन बच्चों की एक साथ मौत की खबर से चेगायडीह में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ ही देर पहले तक बच्चे सामान्य रूप से खेल रहे थे, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *