तृषा सिंह के निधन पर चमेली देवी ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मिलकर जताया दुख

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी मंगलवार को रांची पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर उनकी पुत्री तृषा सिंह के असामयिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर दुख की इस घड़ी में उनके प्रति अपना समर्थन और संवेदना प्रकट की।चमेली देवी ने कहा कि संतान को खोने का दर्द किसी भी मां के लिए बेहद कठिन होता है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि वह स्वयं भी दो बार इस तरह की पीड़ा से गुजर चुकी हैं। ऐसे कठिन समय में दीपिका पांडेय सिंह ने उनका साथ देते हुए हौसला बढ़ाया था। इसी भाव के साथ वह आज तृषा सिंह के निधन पर मंत्री और उनके परिवार के साथ खड़ी हैं।उन्होंने कहा कि तृषा सिंह का कम उम्र में निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। चमेली देवी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय का सामना करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।मुलाकात के दौरान दोनों के बीच परिवार की वर्तमान स्थिति को लेकर भी बातचीत हुई। चमेली देवी ने मंत्री के परिवार का हाल जाना और भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि जामताड़ा समेत पूरा झारखंड मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और उनके परिवार के दुख में सहभागी है।गौरतलब है कि तृषा सिंह का हाल ही में जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में निधन हो गया था। घटना के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *