जेमारी मोड़ पर रफ्तार का कहर: ट्रक-बाइक भिड़ंत में एक की मौत, दो गंभीर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 29 सितंबर सलानपुर। चित्तरंजन-आसनसोल मुख्य मार्ग पर जेमारी मोड़ के समीप मंगलवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना एक ट्रक और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर के बाद हुई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, एक मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान जेमारी मोड़ के पास सामने से आ रहे ट्रक से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो लोगों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि तीसरा व्यक्ति भी बुरी तरह घायल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही सालानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सड़क से उठाकर अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक घायल को पिठाकियारी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया।अस्पताल में जांच के बाद आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचे घायलों में से एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल अन्य दो लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक और घायलों की पहचान की प्रक्रिया की जा रही है।इधर, दुर्घटना के बाद ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। हालांकि, घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। हादसे को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद जेमारी और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *