न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 23 सितंबर आसनसोल। आसनसोल के बीबी कॉलेज में छात्र-छात्राओं के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर बुधवार को माहौल गरमा गया। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने आसनसोल साउथ थाना के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए हमले में शामिल लोगों को गिरफ्तार करने की मांग की।एबीवीपी के अनुसार, कुछ दिन पहले बीबी कॉलेज परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर कुछ बाहरी युवक कैंपस में प्रवेश कर गए थे। इसके बाद छात्रों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना के दौरान हुई गतिविधियां कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात कही जा रही है।छात्र संगठन का आरोप है कि घटना के पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है। इसी को लेकर बुधवार को एबीवीपी कार्यकर्ता आसनसोल साउथ थाना पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जीटी रोड पर कुछ समय के लिए आवागमन रोक दिया। सड़क पर प्रदर्शन के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।इधर, थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन और सड़क जाम की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने सड़क से हटकर जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद जीटी रोड पर यातायात सामान्य हो सका।एबीवीपी ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की है।
बीबी कॉलेज छात्र पिटाई मामले में पुलिस पर सुस्ती का आरोप, एबीवीपी ने थाने के बाहर किया प्रदर्शन

