न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 2 सितंबर मैथन। लगातार हो रही बारिश के बीच मैथन जलाशय में पानी की आवक बढ़ने से जलस्तर पर दबाव बढ़ गया है। जलाशय की सुरक्षा और जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) ने बुधवार सुबह दो लॉक गेट से पानी छोड़ना शुरू कर दिया। DVC सूत्रों के मुताबिक दोनों गेट से करीब 12 हजार 744 एकड़ फीट पानी छोड़ा गया है। पानी की निकासी नियंत्रित तरीके से की जा रही है, ताकि जलाशय पर अतिरिक्त दबाव न बने।बताया गया कि झारखंड के तेनुघाट, तिलैया और कोनार जलाशयों से लगातार अतिरिक्त पानी मैथन जलाशय की ओर पहुंच रहा है। बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ने से जलस्तर में भी वृद्धि हुई। ऐसे में बांध की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए DVC ने पानी की निकासी का निर्णय लिया।जलाशय से छोड़ा गया पानी बराकर नदी के रास्ते दामोदर नदी में पहुंचेगा। इसके बाद पानी के दुर्गापुर बैराज की ओर बढ़ने की संभावना है। पानी छोड़े जाने के मद्देनजर दामोदर घाटी के निचले क्षेत्रों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। स्थानीय स्तर पर लोगों से नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने और जलस्तर पर नजर रखने की अपील की गई है।इधर, प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल स्थिति को सामान्य बताया गया है। अधिकारियों के अनुसार अभी बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है, लेकिन लगातार बारिश और विभिन्न जलाशयों से पानी की आवक को देखते हुए पूरे घटनाक्रम पर निगरानी रखी जा रही है।DVC अधिकारियों का कहना है कि जलाशय के जलस्तर और पानी की आवक की स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार आगे पानी छोड़ने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
मैथन डैम का बढ़ा दबाव तो खोले गए दो गेट, 12,744 एकड़ फीट पानी छोड़ा गया

