न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 सितंबर जामताड़ा। शहर के सुभाष चौक और आसपास के इलाके में बरसात के दिनों में होने वाले जलजमाव की समस्या से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। नगर पंचायत की ओर से वार्ड संख्या 10 में मानवी होटल से कामेश्वर यादव के घर तक आरसीसी स्लैबयुक्त नाली का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।मौके पर समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता सहित नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों के पार्षद और स्थानीय लोग मौजूद रहे। निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह देखा गया।नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक शहर के महत्वपूर्ण स्थानों में शामिल है, जहां आसपास के कई इलाकों से बारिश का पानी पहुंचता है। समुचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात में चौक और आसपास की सड़कें पानी से भर जाती थीं। इससे दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय निवासियों को परेशानी उठानी पड़ती थी। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान स्थानीय लोगों ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उस समय उन्होंने समस्या का स्थायी समाधान कराने का भरोसा दिया था। अब उसी वादे को पूरा करने की दिशा में कार्य शुरू किया गया है।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। आरसीसी स्लैबयुक्त नाली बनने से बारिश के पानी की निकासी सुचारु होगी और नाली के ऊपर स्लैब रहने से आवागमन में भी परेशानी नहीं होगी।समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि सुभाष चौक में जलनिकासी की समस्या काफी पुरानी थी। नाली निर्माण शुरू होना स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूरा होगा।निर्माण शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के इस कदम का स्वागत करते हुए जलजमाव की वर्षों पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद जताई।
चुनावी वादे को अमलीजामा पहनाने की पहल, नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने किया निर्माण कार्य का शिलान्यास

