बूस्टर डोज के पांच दिन बाद छह वर्षीय बच्चे की मौत, जांच से साफ होगा कारण

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 23 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा थाना क्षेत्र के खरनी गांव में छह वर्षीय बच्चे की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान गांव निवासी भुवनेश्वर सिंह के पुत्र के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बच्चे को टीका लगाए जाने के कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ी थी। बुधवार को धनबाद स्थित पीएमसीएच में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार, शनिवार को तरणी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में टीकाकरण अभियान चलाया गया था। इसी दौरान उक्त बच्चे समेत अन्य बच्चों को बूस्टर डोज दिया गया। परिजनों का कहना है कि टीकाकरण के बाद बच्चे की तबीयत खराब होने लगी। हालांकि, अभी यह चिकित्सकीय रूप से स्थापित नहीं हुआ है कि बच्चे की मौत का संबंध टीकाकरण से था।बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे परिजन गंभीर हालत में बच्चे को नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए धनबाद रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।नारायणपुर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बच्चा निमोनिया से पीड़ित प्रतीत हो रहा था। उन्होंने बताया कि उसी वाइल से अन्य बच्चों को भी बूस्टर डोज दिया गया था, लेकिन उनमें किसी तरह की स्वास्थ्य समस्या की सूचना नहीं मिली।चिकित्सा पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत और टीकाकरण के बीच कारणात्मक संबंध की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच को लेकर परिजनों की नजर अब स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *