न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 सितंबर जामताड़ा। दुर्गापूजा 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन की ओर से पूजा समितियों के साथ प्रस्तावित बैठक को लेकर जारी आदेश में तारीखों के विरोधाभास ने असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। अनुमंडल पदाधिकारी, जामताड़ा के कार्यालय की गोपनीय शाखा से जारी पत्रांक 1353/गो. में पत्र जारी करने की तारीख 28 सितंबर 2026 दर्ज है, जबकि उसी आदेश में दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों की बैठक की तिथि 1 सितंबर 2026, समय अपराह्न दो बजे अंकित किया गया है।प्रशासनिक आदेश के अनुसार जिले के सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी दुर्गापूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों को बैठक में शामिल कराने की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारियों को दी गई है। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), अंचलाधिकारी (सीओ), नगर निकाय के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्र की पूजा समितियों को बैठक की सूचना देने और उनकी उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।हालांकि, 28 सितंबर को जारी पत्र में 1 सितंबर की बैठक की तिथि दर्ज होने से पूजा समितियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इतना ही नहीं, आदेश के निचले हिस्से में 28/09/25 की तारीख अंकित होने से तारीखों को लेकर सवाल और गहरा गया है। ऐसे में पूजा समितियों के पदाधिकारी यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि प्रशासन द्वारा बैठक के लिए वास्तविक तिथि और समय क्या निर्धारित किया गया है।पूजा समितियों के अध्यक्ष एवं सचिवों ने प्रशासन से मामले को स्पष्ट करने की मांग की है। समितियों का कहना है कि दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर बैठक की सही तारीख, समय और स्थान की स्पष्ट सूचना समय रहते मिलना जरूरी है, ताकि सभी समितियां निर्धारित बैठक में उपस्थित हो सकें। उन्होंने प्रशासन से संशोधित अथवा स्पष्ट आदेश जारी कर भ्रम की स्थिति दूर करने की अपील की है।
दुर्गापूजा बैठक के आदेश में तारीखों का ‘गड़बड़झाला’, समितियों में बढ़ा असमंजस

