न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 जुलाई 2026 मिहिजाम। हूल दिवस के अवसर पर पालबगान स्थित एंबीशन प्वाइंट स्कूल में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति का भाव देखने को मिला। विद्यालय परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान संथाल हूल के महानायक सिद्धो-कान्हू एवं अन्य अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने उनके संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या क्रांति कुमारी ने सिद्धो-कान्हू की तस्वीर पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद उपस्थित सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर संथाल विद्रोह के अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।अपने संबोधन में प्राचार्या क्रांति कुमारी ने कहा कि हूल दिवस केवल एक ऐतिहासिक तिथि नहीं, बल्कि अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सिद्धो-कान्हू, चांद और भैरव जैसे वीरों ने अपने अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे जीवन में सत्य, साहस, एकता और सामाजिक सद्भाव की भावना को अपनाएं तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए हमेशा तत्पर रहें।उन्होंने कहा कि इतिहास के ऐसे महान नायकों के जीवन से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बन सकती है। शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना भी विद्यार्थियों के लिए उतना ही आवश्यक है।इस अवसर पर विद्यालय के सहायक शिक्षक अख्तर अंसारी, नासरीन परवीन, बीना कुमारी, रुकसाना खातून और साइबा परवीन सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने हूल आंदोलन के शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को उनके संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी भाग लिया। बच्चों ने हूल दिवस के महत्व को समझते हुए महान क्रांतिकारियों के आदर्शों पर चलने और समाज में भाईचारा, सहयोग तथा राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन का माहौल देशभक्ति, सम्मान और प्रेरणा से ओतप्रोत रहा।
हूल दिवस पर एंबीशन प्वाइंट स्कूल में सिद्धो-कान्हू को नमन, विद्यार्थियों को वीरता और एकता का दिया संदेश
