कुंडहित में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ता हुए पार्टी में शामिल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 जुलाई 2026 जामताड़ा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व के अवसर पर नाला विधानसभा क्षेत्र के कुंडहित डाक बंगला परिसर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी की राजनीतिक ताकत को और मजबूत किया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि डॉ. मुखर्जी भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक और महान शिक्षाविद् थे, जिनके विचार आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।अपने संबोधन में बाबूलाल मरांडी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के मंत्री जनहित की बजाय अन्य मुद्दों में व्यस्त हैं, जिससे प्रदेश की जनता परेशान है।पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि कुंडहित में बड़ी संख्या में लोगों का भाजपा से जुड़ना इस बात का संकेत है कि नाला विधानसभा क्षेत्र में बदलाव की इच्छा बढ़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा।भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, समर्पण और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि विभिन्न दलों से आए कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। वहीं भाजपा नेता माधव महतो ने दावा किया कि लगभग डेढ़ सौ लोगों के भाजपा में शामिल होने से नाला विधानसभा में पार्टी की स्थिति और मजबूत होगी।कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री अभय सिंह ने दिया।इस अवसर पर भाजयुमो प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे, महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, परितोष सोरेन, विष्णु मंडल, सुकुमणि हेम्ब्रम, सुजाता सिंह, कृष्णा महतो, आभा आर्या, किरण बेसरा, तापस भट्टाचार्य, अबीता हांसदा, राम सिंह यादव सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *