मॉडल युवा ग्राम सभा में दिखी लोकतंत्र की झलक, छात्रों ने निभाई जनप्रतिनिधियों की भूमिका

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 अक्टूबर मिहिजाम। पीएम श्री राजकीयकृत उत्क्रमित उच्च विद्यालय शहरडाल में गुरुवार को मॉडल युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को न केवल समझा, बल्कि विभिन्न भूमिकाएं निभाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था का जीवंत प्रदर्शन भी किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पंचायत मुखिया सुखेंद्र टुडू मौजूद रहे। वहीं बीआरपी समीर दत्ता और एसएमसी सदस्य मधुमिता नंदी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन प्रभारी प्रधानाध्यापक सुजीत कुमार मेहता के नेतृत्व में किया गया।मॉडल ग्राम सभा में विद्यार्थियों ने नाटकीय प्रस्तुति के जरिए वास्तविक ग्राम सभा की कार्यवाही को मंच पर उतारा। छात्र-छात्राओं ने मुखिया, पंचायत सचिव, सहायक सचिव, डेटा ऑपरेटर, वार्ड सदस्य, एनजीओ प्रतिनिधि, युवा प्रतिनिधि, रोजगार सेवक और वयस्क नागरिक समेत विभिन्न किरदारों को प्रभावी ढंग से निभाया। इस दौरान ग्राम सभा में होने वाली चर्चा, सुझाव और निर्णय प्रक्रिया को सरल एवं रोचक तरीके से प्रस्तुत किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा ग्राम विकास के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। मॉडल ग्राम सभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल ग्राम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर अपनी समझ और विचार भी साझा किए।कार्यक्रम के अंत में शिक्षक रजनी रंजन कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर शिक्षिका स्मिता, दशरथ हजारी, शिवेंद्र हांसदा, राजेंद्र कुमार राय, प्रिसिला किस्कू, पुष्पा यादव और सीमांत माझी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *