न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 1 अक्टूबर कोडरमा। बासोडीह राज्य संपोषित प्लस टू उच्च विद्यालय में शिक्षकों की कमी और पढ़ाई प्रभावित होने से नाराज सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बुधवार को प्रदर्शन किया। विद्यार्थी विद्यालय परिसर से करीब तीन किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर धरने पर बैठ गए। इस दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और जल्द पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नारेबाजी की।प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का कहना था कि विद्यालय में करीब 2540 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जबकि नौवीं से 12वीं कक्षा के लिए स्वीकृत 22 पदों की तुलना में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। छात्रों ने बताया कि अंग्रेजी, गणित, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, इतिहास, संस्कृत, हिंदी और अर्थशास्त्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई शिक्षकों की कमी के कारण प्रभावित हो रही है। बोर्ड परीक्षा में अब कुछ ही महीने शेष हैं, ऐसे में अधूरा पाठ्यक्रम विद्यार्थियों की चिंता बढ़ा रहा है।इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी मुकुल राज ने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में 17 शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि पांच शिक्षक प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई विषयवार शिक्षकों की कमी से संबंधित मांगों पर विभाग स्तर से विचार किया जा रहा है। बैठने की व्यवस्था से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।हालांकि आंदोलन समाप्त होने के बाद भी विद्यार्थियों की मुख्य चिंता बनी हुई है कि परीक्षा से पहले विषयवार शिक्षकों की व्यवस्था कब तक होगी। वहीं, विभागीय आंकड़ों और छात्रों के दावों में अंतर को देखते हुए विद्यालय में कार्यरत, प्रतिनियुक्त और रिक्त पदों की स्पष्ट विषयवार स्थिति सामने आना जरूरी है।सतगावां में शिक्षा व्यवस्था को लेकर इससे पहले भी अगस्त में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने शिक्षकों की कमी के विरोध में प्रदर्शन किया था।
परीक्षा से पहले शिक्षकों की कमी पर भड़का छात्रों का आक्रोश, सड़क पर उतरे सैकड़ों विद्यार्थी

