न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 सितंबर जामताड़ा। सड़क हादसों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर जामताड़ा परिवहन विभाग ने बुधवार को सघन वाहन जांच अभियान चलाया। डीटीओ मुकेश कुमार के नेतृत्व में रोड सेफ्टी टीम ने फतेहपुर थाना क्षेत्र और पोसोई मोड़ के आसपास वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 37 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 2 लाख 43 हजार 550 रुपये का चालान किया गया।जांच के दौरान टीम ने वाहन चालकों से जरूरी दस्तावेजों के साथ-साथ पार्किंग व्यवस्था और अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की जानकारी ली। सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात प्रभावित करने वाले वाहनों पर भी विशेष निगरानी रखी गयी। विभाग की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप रहा।अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चालकों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की गयी। साथ ही निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग से बचने की सलाह दी गयी।डीटीओ मुकेश कुमार और रोड सेफ्टी टीम ने कहा कि यातायात नियमों का मकसद केवल जुर्माना लगाना नहीं है। नियमों का पालन करने से वाहन चालक स्वयं के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित कर सकते हैं।सड़क हादसों को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित और व्यस्त मार्गों पर जांच अभियान आगे भी जारी रखने की तैयारी है। विभाग ने वाहन चालकों से जल्दबाजी से बचने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की। परिवहन विभाग का संदेश स्पष्ट है कि यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित अपने घर पहुंचें।
यातायात नियम तोड़ने वालों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 37 वाहनों से वसूला 2.43 लाख का जुर्माना

