न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर जामताड़ा। नाला-अफजलपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना बहादुरडी मोड़ के पास करीब एक बजे हुई। मृतक की पहचान एकलव्यपुर निवासी प्रदीप मंडल (40) के रूप में हुई है। वहीं बहादुरडी निवासी कार्तिक पाल (35) हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है।जानकारी के अनुसार प्रदीप मंडल और कार्तिक पाल बाइक से नाला प्रखंड के ताराचटिया गांव स्थित प्रदीप के ससुराल में श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बहादुरडी मोड़ के समीप सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि प्रदीप ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के समय सड़क का यह हिस्सा अपेक्षाकृत सुनसान था, जिसके कारण वाहन और चालक की पहचान तत्काल नहीं हो सकी।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल कार्तिक को तत्काल पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।दुर्घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर आवागमन रोक दिया। सूचना पर नाला थाना पुलिस समेत आसपास के थानों का बल मौके पर पहुंचा। पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा और पूर्व प्रत्याशी माधव चंद्र महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत के बाद सरकारी मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।परिजनों ने बताया कि प्रदीप मोटरसाइकिल से कपड़ा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में एक पुत्र और एक विवाहित पुत्री है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
श्राद्ध में शामिल होने निकले थे, रास्ते में मौत ने रोका सफर; बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

