MMDR बिल के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, 7 सितंबर को रांची में राजभवन घेराव

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर जामताड़ा। MMDR बिल के विरोध में 7 सितंबर को रांची में प्रस्तावित कांग्रेस के राजभवन घेराव को लेकर जामताड़ा जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को आयोजित आपात बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रांची कूच की रणनीति पर मंथन किया। बैठक में प्रखंडवार कार्यकर्ताओं की भागीदारी, वाहनों की व्यवस्था और आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अंसारी ने MMDR बिल को झारखंड के आर्थिक हितों और अधिकारों के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों पर झारखंड के अधिकार को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस किसी भी कीमत पर इस प्रयास को सफल नहीं होने देगी।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि झारखंड देश के औद्योगिक विकास में खनिज संसाधनों के माध्यम से बड़ी भूमिका निभाता है। ऐसे में राज्य को मिलने वाली आर्थिक हिस्सेदारी कमजोर होने का सीधा असर विकास योजनाओं पर पड़ सकता है। उन्होंने दावा किया कि खनिज संपदा से संभावित करीब 15 हजार करोड़ रुपये की वार्षिक राशि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि झारखंड के आदिवासी, मूलवासी, किसान, मजदूर, युवा और गरीब परिवारों के अधिकारों से जुड़ी है। डॉ. अंसारी ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में रांची पहुंचकर शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विजय दुबे समेत विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कांग्रेस ने दावा किया कि जामताड़ा से कार्यकर्ताओं का बड़ा जत्था रांची पहुंचेगा और राजभवन घेराव के माध्यम से राज्य के अधिकारों की आवाज बुलंद की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *