न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर जामताड़ा। शहर के पाण्डेयडीह स्थित ज्ञान रेनू विद्या निकेतन में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह उत्साह और उल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया गया।समारोह का शुभारंभ विद्यालय के निर्देशक श्यामल मंडल, किरण मंडल तथा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य, भाषण और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षक दिवस के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में मौजूद अभिभावकों और अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं।कार्यक्रम के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में अभिभावक और अतिथि समारोह में शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।समारोह के समापन अवसर पर निर्देशक श्यामल मंडल ने विभिन्न प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषयों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और अनुशासन को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा संबंधी विचारों को विद्यार्थियों के लिए सदैव प्रेरणादायी बताया।इस अवसर पर किरण मंडल, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
शिक्षक दिवस पर ज्ञान रेनू विद्या निकेतन में सजा संस्कृति का रंग, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

