मिहिजाम में साइबर गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 सितंबर जामताड़ा। जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में साइबर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मिहिजाम थाना क्षेत्र के चरकापहाड़ी मोड़ के समीप छापेमारी कर दो संदिग्ध साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।कार्रवाई की जानकारी साइबर डीएसपी अमित रविदास ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली सूचना के बाद साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में पुलिस निरीक्षक प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार गुप्ता और पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो शामिल थे। टीम ने चरकापहाड़ी मोड़ के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्ताक अंसारी (23), निवासी शहरपुरा, थाना जामताड़ा और मु. आमजाद अंसारी (41), निवासी जियाजोरी, थाना मिहिजाम के रूप में हुई है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा दूसरे लोगों के नाम पर जारी सिम कार्ड कथित तौर पर फर्जी तरीके से हासिल कर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में किए जाने की बात सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि दोनों आरोपी कथित रूप से साइबर अपराधियों से कम कीमत पर गिफ्ट वाउचर खरीदकर उनका इस्तेमाल सामान खरीदने में करते थे। पुलिस को आशंका है कि इस गतिविधि का संपर्क देश के कई राज्यों में फैले साइबर नेटवर्क से है।इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 54/26, दिनांक 4 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *