न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 3 अक्टूबर मिहिजाम। मिहिजाम के हांसी पहाड़ी स्थित डालडा फैक्ट्री की ओर जाने वाली सड़क के समीप चिरेका की रेलवे लाइन किनारे चल रहे नाली निर्माण कार्य को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी चित्तरंजन के वरिष्ठ नेता शंकर तिवारी ने निर्माण स्थल का निरीक्षण करते हुए कार्य की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया में कथित अनियमितता पर आपत्ति जताई।बताया गया कि चिरेका के इंजन निकलने वाली रेलवे क्रॉसिंग से चिरेका की ओर जाने वाली रेलवे लाइन के दोनों किनारों पर नाली का निर्माण कराया जा रहा है। शंकर तिवारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जायजा लिया और वहां मौजूद संवेदक के प्रतिनिधियों से निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री तथा कार्य की गुणवत्ता को लेकर जानकारी मांगी।उनका आरोप है कि निर्माण स्थल पर मौजूद प्रतिनिधि उनके सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद उन्होंने चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।शंकर तिवारी ने कहा कि जिस स्थान पर नाली का निर्माण हो रहा है, वह अपेक्षाकृत सुनसान क्षेत्र है और वहां आम लोगों की आवाजाही भी कम रहती है। ऐसे में निर्माण कार्य की नियमित निगरानी नहीं होने की स्थिति में संवेदक द्वारा मनमाने तरीके से काम किए जाने की आशंका बनी रहती है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने, मौके पर इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने तथा कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की। भाजपा नेता ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग से जुड़े किसी भी निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए।अब निगाहें चिरेका के संबंधित विभाग के अधिकारियों की जांच और कार्रवाई पर टिकी हैं।
रेलवे लाइन किनारे नाली निर्माण पर उठे सवाल, भाजपा नेता शंकर तिवारी ने मांगी जांच

