न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर जामताड़ा। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नारायणपुर और करमाटांड़ थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ मोबाइल फोन और 10 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बांका गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के बरामदे में छापेमारी कर एक आरोपी को पकड़ा। इसके बाद करमाटांड़ थाना क्षेत्र के शीतलपुर मैदान में कार्रवाई करते हुए तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के तारासेठिया निवासी हासीम अंसारी (28), रटनिया निवासी सैयद अंसारी (31) तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ताराबहाल गांव निवासी कोसर अंसारी (26) और अफताब हुसैन (19) के रूप में हुई है।पुलिस के मुताबिक आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे। जांच में सामने आया है कि आरोपी खुद को केनरा बैंक का अधिकारी बताकर लोगों से संपर्क करते थे। इसके अलावा फोन-पे पर 999 रुपये के कैशबैक का फर्जी संदेश भेजकर उसे स्वीकार करने के लिए कहा जाता था। पुलिस का आरोप है कि पीड़ित द्वारा संदेश स्वीकार करते ही फर्जी एप के माध्यम से रकम पर नियंत्रण हासिल करने का प्रयास किया जाता था।इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 63/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हासीम अंसारी पूर्व में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 40/26 में भी आरोपित रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपियों का साइबर अपराध का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हो सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है।
जामताड़ा में साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार

