दुर्गापूजा पर 10 अक्टूबर को हजारों जरूरतमंदों को मिलेंगे वस्त्र, मंत्री इरफान अंसारी के प्रतिनिधि ने दी जानकारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर जामताड़ा। फूलजोड़ी में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के प्रतिनिधि अज़हरुद्दीन ने ग्रामीणों और खिलाड़ियों से मुलाकात कर मंत्री का संदेश साझा किया। उन्होंने बताया कि आगामी 10 अक्टूबर को दुर्गापूजा के अवसर पर क्षेत्र के हजारों जरूरतमंद लोगों के बीच वस्त्र का वितरण किया जाएगा। उन्होंने इसे मंत्री की ओर से पर्व के मौके पर क्षेत्रवासियों के लिए सौगात बताया।अज़हरुद्दीन ने कहा कि मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को त्योहार खुशी और सम्मान के साथ मनाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन से डॉ. इरफान अंसारी को राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था की जिम्मेदारी मिली है। मंत्री अपने चिकित्सकीय अनुभव का इस्तेमाल करते हुए झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।उन्होंने कहा कि मंत्री की व्यस्तता के कारण कई कार्यक्रमों में उनका स्वयं पहुंचना संभव नहीं हो पाता। ऐसे अवसरों पर प्रतिनिधि के रूप में वे क्षेत्र में पहुंचकर जनता तक उनका संदेश पहुंचाते हैं। उन्होंने लोगों से मंत्री के प्रति अपना समर्थन और विश्वास बनाए रखने की अपील की।फुटबॉल टूर्नामेंट में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अज़हरुद्दीन ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आपसी भाईचारा और सकारात्मक सोच विकसित करता है। व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे फाइनल मुकाबला नहीं देख सके, जिसके लिए उन्होंने आयोजन समिति और खिलाड़ियों से खेद जताया। साथ ही विजेता और उपविजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में निशापति हांसदा, बिमल माझी, हरीश मुर्मू, जीतलाल मुर्मू, कयूम अंसारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *