बेना मैदान में बाउरी समाज की हुंकार, शिक्षा-अधिकार और सम्मान के लिए एकजुटता का संकल्प

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर जामताड़ा। राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा, झारखंड के बैनर तले रविवार को जामताड़ा के बेना मैदान (डंगाल) में राज्य स्तरीय बाउरी जाति महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ पश्चिम बंगाल से भी बड़ी संख्या में समाज के लोग पहुंचे। महिलाओं, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों की मौजूदगी से मैदान में उत्साह का माहौल रहा।महासम्मेलन का मुख्य उद्देश्य बाउरी समाज को संगठित कर शिक्षा, रोजगार, अधिकार और सामाजिक सम्मान की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। वक्ताओं ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने, बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।राष्ट्रीय बाउरी संघर्ष मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष रंजीत बाउरी ने कहा कि समाज के विकास के लिए मजबूत एकता और जागरूकता जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए आने वाली पीढ़ी अपने अधिकारों को समझते हुए आगे बढ़ सकती है। उन्होंने युवाओं और महिलाओं को सामाजिक बदलाव में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यकारी अध्यक्ष शशि भूषण बाउरी, उपाध्यक्ष ज्योत्सना देवी, पश्चिम बंगाल के दयामल बाउरी, सिमंत बाउरी, निरसा के दारा बाउरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा पर विचार रखे।सम्मेलन के दौरान चुआड़ विद्रोह के नायक एवं समाज के गौरव शहीद सरदार गोवर्धन दीकपति बाउरी के संघर्ष और विचारों को याद किया गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकजुटता मजबूत करने की अपील की।मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील बाउरी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मिताली बाउरी, सचिव गौर बाउरी, कोषाध्यक्ष श्यामल बाउरी, सह सचिव दयाल बाउरी, गौतम बाउरी और सुखदेव बाउरी समेत संगठन के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *