“मंत्री जी के आने तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे…” परिजनों की बात सुन भावुक हुए डॉ. इरफान अंसारी

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 30 अगस्त जामताड़ा। कितलाजोड़ गांव में 50 वर्षीय लालमुनि हांसदा के निधन की सूचना मिलने पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव कर शोकाकुल परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने की जानकारी मिलने के बाद मंत्री ने परिजनों की सहायता भी की।बताया गया कि मंत्री के पहुंचने से पहले परिजनों ने भावुक होकर कहा था कि “जब तक मंत्री जी, डॉ. इरफान अंसारी नहीं आएंगे, तब तक अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।” परिजनों की इस बात ने मंत्री को भावुक कर दिया। उन्होंने कहा कि यह उनके प्रति लोगों के भरोसे और आत्मीय जुड़ाव को दर्शाता है।डॉ. अंसारी ने दिवंगत के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और अपनी ओर से आर्थिक सहयोग दिया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि जरूरत के अनुसार सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए हरसंभव पहल की जाएगी।

मंत्री ने कहा कि किसी व्यक्ति को खोने का दर्द कोई सहायता दूर नहीं कर सकती, लेकिन दुख की घड़ी में परिवार को अकेला छोड़ना भी उचित नहीं है। उन्होंने परिजनों से कहा कि जरूरत के समय वे उनके साथ खड़े रहेंगे।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना और विपरीत परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवार का सहारा बनना ही जनसेवा का वास्तविक अर्थ है।इस दौरान ग्रामीणों ने भी मंत्री के प्रति विश्वास और अपनापन जताया। डॉ. अंसारी ने कहा कि जामताड़ा की जनता का स्नेह और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दिवंगत लालमुनि हांसदा की आत्मा की शांति तथा परिवार को दुख सहने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *