रूपी सोरेन के निधन से झामुमो में शोक, नेमरा पहुंच प्रदीप मंडल ने हेमंत सोरेन का बढ़ाया हौसला

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अक्टूबर जामताड़ा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक व्याप्त है। दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन के निधन पर पार्टी की ओर से संवेदना व्यक्त करने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू के नेतृत्व में पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल नेमरा पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर इस दुखद समय में उनके प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।इस दौरान झामुमो के युवा नेता सह जिला महामंत्री प्रदीप मंडल ने रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि रूपी सोरेन के साथ उनका आत्मीय रिश्ता रहा था। उनसे उन्हें मां के समान स्नेह और आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। उनके निधन से उन्हें व्यक्तिगत तौर पर गहरा आघात पहुंचा है।प्रदीप मंडल ने कहा कि जीवन में माता-पिता का साया उठ जाना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद पीड़ादायक होता है। एक वर्ष के भीतर माता-पिता दोनों को खोने का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। ऐसे कठिन दौर में परिवार को भावनात्मक संबल और अपनों के साथ की सबसे अधिक आवश्यकता होती है।उन्होंने कहा कि झारखंड के मुख्यमंत्री और उनके परिवार के इस दुख में पार्टी के नेता-कार्यकर्ता सहभागी हैं। पूरा झारखंड इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ा है। प्रदीप मंडल ने ईश्वर से दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।नेमरा में आयोजित इस मुलाकात के माध्यम से झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार के प्रति एकजुटता तथा संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *