बाबुपुर रथतला में लगा नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर, पांच दिन बाद लौटी बिजली, ग्रामीणों में खुशी की लहर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता अभिजीत चौधरी 21 जुलाई 2026 कुंडहित (जामताड़ा)। कुंडहित प्रखंड अंतर्गत बाबुपुर के रथतला मोड़ पर मंगलवार को लंबे इंतजार के बाद 100 केवीए क्षमता वाले नए बिजली ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में स्थानीय ग्रामीण परिमल मंडल ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर ट्रांसफार्मर का शुभारंभ किया। ट्रांसफार्मर चालू होने के साथ ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।ग्रामीणों ने बताया कि पुराना ट्रांसफार्मर खराब हो जाने के कारण पिछले पांच दिनों से लगभग 130 उपभोक्ता बिजली संकट से जूझ रहे थे। लगातार हो रही उमस और भीषण गर्मी के बीच लोगों को बिना बिजली के दिन और रात बिताने पड़े। बिजली नहीं रहने से घरेलू कार्यों के साथ-साथ पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे थे।ग्रामीणों के अनुसार समस्या की जानकारी झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो को दी गई थी। सूचना मिलते ही उनके स्तर से बिजली विभाग के साथ समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद महज दो दिनों के भीतर बाबुपुर रथतला के लिए नया 100 केवीए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों ने समय पर समाधान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों और विभाग के प्रति आभार जताया।इस अवसर पर बिजली विभाग के सहायक अभियंता संतोष मंडल ने बताया कि वर्षा ऋतु में लगातार हो रही आकाशीय बिजली और तेज गर्जना के कारण कई क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए नाला विधानसभा क्षेत्र में अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के प्रयास से क्षेत्र के लिए 11 नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमें से एक बाबुपुर रथतला में स्थापित किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी किसी गांव का ट्रांसफार्मर खराब होने पर उसे यथाशीघ्र बदलने का प्रयास किया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को लंबे समय तक परेशानी का सामना न करना पड़े।उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कनीय अभियंता सदानंद प्रसाद मुर्मू, जगन्नाथ मंडल, जय मंडल, विवेकानंद मंडल, सीमंत मंडल, उत्तम मंडल, कृष्णा गोराई, प्रकाश मंडल, अरूप मंडल, जीवन मंडल, संजय मंडल, डमन मंडल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण एवं बिजली उपभोक्ता उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि बिजली विभाग आगे भी इसी तरह त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *