स्व राजीव रंजन मिश्रा मेमोरियल कबड्डी चैंपियनशिप: ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी ने दोनों वर्गों में लहराया जीत का परचम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में आयोजित स्व राजीव रंजन मिश्रा मेमोरियल कबड्डी चैंपियनशिप का शानदार समापन रोमांच, खेल भावना और दर्शकों के उत्साह के बीच हुआ। दो दिनों तक चले इस आयोजन में जिले की उभरती प्रतिभाओं ने अपनी बेहतरीन खेल क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सब-जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग की टीमों ने भाग लिया, जिसमें बालिका वर्ग की 10 और बालक वर्ग की 8 टीमों ने अपनी चुनौती पेश की।इस बार पूरे टूर्नामेंट में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। अकादमी ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिताब जीतकर डबल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों के बेहतरीन तालमेल, मजबूत रक्षा और आक्रामक खेल ने दर्शकों को पूरे प्रतियोगिता के दौरान रोमांचित रखा।बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत ने डेंजर क्लब को 38-27 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। इस वर्ग में गर्ल हाई स्कूल की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में अकादमी ने शहरडाल वॉरियर्स के खिलाफ एकतरफा खेल दिखाते हुए 26-08 से शानदार जीत दर्ज की। नन्ही स्टार क्लब ने तीसरा स्थान हासिल किया।प्रतियोगिता का उद्घाटन मिहिजाम नगर परिषद के नगर प्रबंधक विजय कुमार एवं पूर्व अध्यक्ष कमल गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास का सबसे सशक्त मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जामताड़ा व झारखंड का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही नगर प्रशासन की ओर से खेल गतिविधियों के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।समापन समारोह में जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के कोषाध्यक्ष एवं जामताड़ा ओलंपिक संघ के मीडिया प्रभारी मनीष बरनवाल, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनिमेष मधुकर, जामताड़ा जिला स्विमिंग संघ के सचिव देवाशीष घोष, वार्ड पार्षद रवि मिस्त्री, वार्ड परिषद प्रतिनिधि गोलू साव, ओम प्रकाश कबड्डी अकादमी भारत के अध्यक्ष ओम प्रकाश सिंह, सचिव राज कमल सिंह, जामताड़ा जिला कबड्डी संघ के पूर्व सचिव अरविंद कुमार ओझा तथा राजवीर पटेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में राज कमल सिंह ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों की भारी भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि जामताड़ा में कबड्डी तेजी से लोकप्रिय हो रही है और यहां की प्रतिभाएं भविष्य में राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाने की क्षमता रखती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *