न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिला योग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला अंतर विद्यालय एवं क्लब स्तरीय योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ नगर स्थित सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल परिसर में उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और क्लबों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिभा और समर्पण का परिचय दिया।चैंपियनशिप का उद्घाटन सावित्री देवी डीएवी पब्लिक स्कूल के चेयरमैन कपीस परशुरामका, रितिका परशुरामका, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय यादव, जामताड़ा महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. प्रीति कुमारी, जामताड़ा जिला योग एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन दुबे, सेंट एंथोनी स्कूल के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, ज्ञान रेनू विद्या निकेतन के निदेशक श्यामल मंडल, जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे तथा विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पी.के. दास ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत जिला योग एसोसिएशन के निदेशक डॉ. भास्कर चांद और महासचिव रविंद्र कुमार सुमन ने किया।मुख्य अतिथि कपीस परशुरामका ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि हर परिवार और विशेष रूप से बच्चों को योग से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि जामताड़ा के खिलाड़ी आने वाले वर्षों में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में जिले का नाम रोशन करेंगे।विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विजय यादव ने कहा कि जिले में योग प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत केवल उचित मंच और मार्गदर्शन की है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर योग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।जिला योग एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन दुबे ने बताया कि प्रतियोगिता में जिले के 15 विद्यालयों और 7 क्लबों से करीब 254 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।कार्यक्रम के सफल संचालन में राहुल सिंह, अरुण पंडित, सौगत माहाता, सूरज कुमार पासवान, अमित कुमार राय, नीरा पंडित, मिठु कुमारी, रूम्पा तिवारी, श्रुति मल्लिक, प्रीतीलता टुडू, अभिषेक दुबे, अनीश रंजन, रितुप्रणना पाल और बबली दत्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में खिलाड़ियों के उत्साह, अभिभावकों की उपस्थिति और योग के प्रति बढ़ते आकर्षण ने यह संकेत दिया कि जामताड़ा में योग खेल का भविष्य लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।
जामताड़ा में योग प्रतिभाओं का महाकुंभ शुरू, 15 विद्यालयों और 7 क्लबों के 254 खिलाड़ी दिखा रहे हुनर
