छात्रों तक पहुंचेगी एनएसयूआई की आवाज, जामताड़ा से ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का आगाज

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 5 जुलाई 2026 जामताड़ा। विद्यार्थियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उन्हें संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने रविवार को जामताड़ा में “छात्रों की गूंज” अभियान की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष अक्षय सिंह की अगुवाई में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के उद्देश्य, रणनीति और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव तनवीर आलम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।प्रदेश महासचिव तनवीर आलम ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे देश में 40 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इसके तहत एनएसयूआई की टीमें स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर विद्यार्थियों से सीधा संवाद करेंगी। छात्रों की समस्याओं, सुझावों और शिकायतों को दर्ज कर उन्हें संबंधित विभागों और सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का निजीकरण, बढ़ती फीस, बेरोजगारी, छात्रवृत्ति वितरण में अनियमितता, प्रतियोगी परीक्षाओं में विलंब, पेपर लीक की घटनाएं और शिक्षण संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याएं छात्रों के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। ऐसे मुद्दों पर एनएसयूआई केवल आवाज उठाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि समाधान के लिए भी लगातार प्रयास करेगी।जिलाध्यक्ष अक्षय सिंह ने कहा कि अभियान को जामताड़ा जिले के सभी प्रखंडों और शिक्षण संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। संगठन के कार्यकर्ता छात्रों से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं को समझेंगे और उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा और रोजगार युवाओं के जीवन से जुड़े सबसे अहम विषय हैं और इन मुद्दों पर संगठन पूरी गंभीरता के साथ काम करेगा।अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं का पंजीकरण भी किया जाएगा, ताकि भविष्य में उनसे लगातार संवाद बनाए रखा जा सके। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए छात्रों के सुझावों को भी एकत्रित किया जाएगा। एनएसयूआई का मानना है कि विद्यार्थियों की भागीदारी से ही शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी जनआंदोलन तैयार किया जा सकता है।अक्षय सिंह ने जिले के विद्यार्थियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान का हिस्सा बनें और अपनी समस्याओं व सुझावों को खुलकर साझा करें, जिससे उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से संबंधित मंचों तक पहुंचाया जा सके।प्रेस वार्ता में एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष तौसीफ खान, आयुष सिंह, देवरू सिंह, महासचिव कौशिक सेन, पप्पू कुमार, कीर्ति राव, मीडिया प्रभारी निखिल रवानी, मृत्युंजय टुडू सहित संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने जिलेभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्रों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *