न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर जामताड़ा। नाला थाना क्षेत्र के हुसुमनगर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 38 वर्षीय व्यक्ति का शव उसके घर के अंदर पंखे से लटका मिला। मृतक की पहचान उत्तम गोरांई के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।परिजनों से सूचना मिलने के बाद नाला थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया।नाला थाना प्रभारी विकास कुमार यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। शव बरामद कर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक स्तर पर घटना को लेकर किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप सामने नहीं आया है। परिजनों की ओर से भी खबर लिखे जाने तक थाने में कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह के निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है।पुलिस घटनास्थल से उपलब्ध जानकारी जुटाने के साथ परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हुसुमनगर में घर के अंदर फंदे से लटका मिला 38 वर्षीय व्यक्ति का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

