कलझरिया मोड़ पर दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुआ संदिग्ध; कर्माटांड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 24 अगस्त जामताड़ा। कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को लेकर एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। सोमवार दोपहर कलझरिया मोड़ के समीप एक लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके बाद बाइक चोर की पहचान को लेकर पुलिस के सामने महत्वपूर्ण सुराग सामने आया है।सीसीटीवी फुटेज में एक युवक लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को लेकर जाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। फुटेज के अनुसार युवक ने काले रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी। घटना के बाद सीसीटीवी से प्राप्त तस्वीर सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रही है।बताया जा रहा है कि बाइक को कलझरिया मोड़ के पास खड़ा किया गया था। कुछ समय बाद जब वाहन मालिक वहां वापस पहुंचा तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद जब मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं मिला तो सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में बाइक ले जाते युवक के दिखाई देने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी सहित अन्य घटनाओं की चर्चा सामने आने से आम लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। दिन के समय भी वाहन चोरी की घटना सामने आने से पुलिस गश्ती व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।हालांकि, खबर लिखे जाने तक मोटरसाइकिल चोरी को लेकर कर्माटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और चोरी गई बाइक की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *