न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल मित्रा 24 अगस्त आसनसोल। युवाओं को मोबाइल की दुनिया से निकालकर खेल के मैदान से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की ओर से एकदिवसीय MLA कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन मंडल-4 एवं नारायणकुड़ी भाजपा इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जहां बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।कार्यक्रम की खास बात यह रही कि आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल स्वयं मैदान में पहुंचीं और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की, उनका उत्साह बढ़ाया तथा खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।आयोजकों ने बताया कि आज के दौर में युवा वर्ग तेजी से मोबाइल और डिजिटल मनोरंजन की ओर आकर्षित हो रहा है, जिसके कारण खेल के मैदानों में पहले जैसी रौनक कम होती जा रही है। इसी सोच के साथ MLA कप फुटबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को पुनः खेलकूद और स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने की पहल की गई।प्रतियोगिता शुरू होते ही मैदान में रोमांचक मुकाबलों का दौर शुरू हो गया। खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं दर्शकों ने तालियों और उत्साह के साथ उनका हौसला बढ़ाया। पूरे आयोजन को लेकर क्षेत्र के खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।स्थानीय भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।
मोबाइल छोड़ मैदान की ओर युवाओं को लौटाने की पहल, MLA कप फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज

