जामताड़ा से उठा कर्मचारी एकजुटता का संदेश, अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ को मिली नई राज्य टीम

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 जामताड़ा। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन रविवार को नई राज्य कार्यकारिणी के गठन के साथ संपन्न हो गया। सम्मेलन के अंतिम दिन राज्यभर से पहुंचे प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चुनाव पदाधिकारी की निगरानी में सर्वसम्मति से संगठन की नई टीम का चयन किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन ने आगामी रणनीति का भी संकेत दिया।समापन समारोह में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व विधायक विनोद सिंह, महासंघ के वरिष्ठ पदाधिकारी तथा विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जामताड़ा जैसे जिले में राज्य स्तरीय सम्मेलन का सफल आयोजन कर्मचारियों की एकजुटता और संगठन की सक्रियता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी संगठन केवल अधिकारों की लड़ाई ही नहीं लड़ते, बल्कि अपने सदस्यों को बेहतर कार्य संस्कृति अपनाने और जनसेवा के प्रति जिम्मेदार बनाने का भी कार्य करते हैं।उन्होंने कर्मचारियों से अपने-अपने विभागों में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने और राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। साथ ही आश्वस्त किया कि कर्मचारी हितों से जुड़े सकारात्मक प्रयासों में सरकार हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।सम्मेलन में सर्वसम्मति से गोपाल शरण सिंह को महासंघ का राज्याध्यक्ष चुना गया। वहीं सुशीला तिग्गा को मुख्य संरक्षक, श्याम लाल चौधरी को संरक्षक तथा अरविंद प्रसाद को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपाध्यक्ष पद पर सुधीर थापा, अरविंद प्रसाद, जया अफताब, मीरा कुमारी और लेखराज शर्मा का चयन किया गया। एमएल कुमार महासचिव बनाए गए, जबकि भूषण कुमार, अजय कुमार (चतरा), सैयद नजमी अहमद, विजय तिग्गा और लोकेश कुमार सचिव चुने गए। जितवादन उरांव को कोषाध्यक्ष तथा चंद्रदीप ठाकुर को कार्यालय सचिव का दायित्व सौंपा गया।इसके अलावा महासंघ के विभिन्न प्रकोष्ठों के लिए भी पदाधिकारियों की घोषणा की गई। राजीव नयन तिवारी को शारीरिक मंच का प्रभारी, शत्रुघ्न कुमार को मीडिया प्रभारी तथा चंद्रदीप ठाकुर को संपर्क कोष प्रभारी बनाया गया। महिला, युवा और विभागीय इकाइयों के प्रतिनिधियों को भी अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही प्रदेश के विभिन्न प्रमंडलों के लिए प्रक्षेत्रीय सचिवों का चयन कर संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत किया गया।नवनिर्वाचित राज्याध्यक्ष गोपाल शरण सिंह ने कहा कि महासंघ कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा, सेवा शर्तों में सुधार और लंबित मांगों के समाधान के लिए सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों से संगठन को मजबूत बनाने, आपसी एकता बनाए रखने और कर्मचारी हितों की लड़ाई को संगठित रूप से आगे बढ़ाने का आह्वान किया। सम्मेलन का समापन कर्मचारियों की एकजुटता और भविष्य की कार्ययोजना के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *