श्रावणी मेला से पहले एक्शन मोड में जामताड़ा पुलिस, अपराधियों पर कसेगा शिकंजा; एसपी ने जारी किए सख्त निर्देश

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 जुलाई 2026 जामताड़ा। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक शम्भु कुमार सिंह की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक और विभिन्न शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और जनसुरक्षा से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान जानकारी दी गई कि मई 2026 से अब तक जिले में कुल 753 वारंटों का निष्पादन करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है। वहीं जून माह में विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 43 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल अपराधियों, सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय असामाजिक तत्वों तथा हाल ही में जेल से बाहर आए अपराधियों का अलग से डाटा तैयार कर उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।साइबर अपराध को लेकर भी बैठक में विशेष रणनीति बनाई गई। पुलिस अधीक्षक ने साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क पर लगातार छापेमारी अभियान चलाने, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा जिले में साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा लंबित कांडों, वारंटों और स्थायी वारंटों का शीघ्र निष्पादन करने के साथ बैंक, एटीएम, ज्वेलरी शोरूम एवं अन्य महत्वपूर्ण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और गश्ती व्यवस्था मजबूत करने का आदेश दिया गया।यातायात सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा, डायन प्रथा, बाल विवाह, नशा मुक्ति, मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव और साइबर अपराध जैसे सामाजिक विषयों पर गांवों, स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नियमित जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर बल दिया गया।बैठक में पुलिस-पब्लिक संबंधों को और बेहतर बनाने, आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने, अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा नियमित एंटी-क्राइम वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर सड़क मार्ग से आने वाले कांवरियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील मार्गों पर विशेष गश्त, सतत निगरानी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।अपराध गोष्ठी के उपरांत पुलिस केंद्र, जामताड़ा में पुलिस सभा का आयोजन किया गया, जहां जिलाबल के पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पुलिसकर्मियों के कार्य वातावरण को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *