पंचायत चुनाव 2027 की तैयारी तेज, जामताड़ा जिले में 1,449 मतदान केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अक्टूबर जामताड़ा। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत (आम) निर्वाचन 2027 को लेकर जामताड़ा जिले में चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) सह उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि जिले में मतदान केंद्रों की सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी हो गई है।उपायुक्त ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड के निर्देश के अनुसार जिले में निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदान केंद्रों का गठन किया गया था। इसके बाद प्राप्त आपत्तियों एवं सामने आई त्रुटियों का आवश्यक निराकरण करते हुए 9 अक्टूबर 2026 को मतदान केंद्रों की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई।अंतिम सूची को संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल दंडाधिकारी कार्यालय तथा जिला दंडाधिकारी कार्यालय में निर्धारित प्रावधान के अनुसार सार्वजनिक किया गया है। इसके अलावा आम लोग जामताड़ा जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट www.jamtara.nic.in पर भी मतदान केंद्रों की सूची देख सकते हैं।प्रखंडवार अंतिम रूप से प्रकाशित मतदान केंद्रों के अनुसार जामताड़ा प्रखंड में 273, नारायणपुर में 326, करमाटांड़ में 231, नाला में 269, कुंडहित में 169 तथा फतेहपुर में 181 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस तरह जिले के छह प्रखंडों में कुल 1,449 मतदान केंद्र अंतिम रूप से सूचीबद्ध किए गए हैं।जिला प्रशासन के अनुसार मतदान केंद्रों की अंतिम सूची के प्रकाशन के साथ आगामी पंचायत चुनाव के लिए आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों को आगे बढ़ाने में सुविधा होगी। चुनाव से संबंधित गतिविधियों को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *