दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज, पंडालों की सुरक्षा से जुलूस रूट तक पर मंथन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर जामताड़ा। दुर्गापूजा के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपायुक्त आलोक कुमार के निर्देश पर एसडीओ अनंत कुमार ने प्रखंड कार्यालय सभागार में पूजा समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में विभिन्न पूजा समितियों की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी पूजा समितियों की स्थिति, लाइसेंस के लिए दिए गए आवेदनों तथा पूजा आयोजन से जुड़े अन्य आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की। इसके अलावा पूजा पंडालों की सुरक्षा, मेले के आयोजन और विसर्जन जुलूस के लिए प्रस्तावित रूट चार्ट को लेकर भी समिति सदस्यों से जानकारी ली गई।एसडीओ ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से उनकी समस्याएं, आवश्यकताएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। समितियों से भी प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने की अपील की गई।बैठक में विशेष रूप से पंडालों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई। प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि पूजा पंडालों में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम मौजूद रहें। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए भी आवश्यक तैयारियां करने की बात कही गई।दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की योजना पर भी विचार किया गया। प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित नियमों का पालन करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की।बैठक में सीडीपीओ वसीम राजा, नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोम खंडेत, थाना इंस्पेक्टर मनोज महतो सहित विभिन्न थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *