जामताड़ा में भारत ज्ञान विज्ञान समिति का जिला सम्मेलन, वैज्ञानिक सोच और जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर जामताड़ा। भारत ज्ञान विज्ञान समिति, जामताड़ा का एक दिवसीय जिला सम्मेलन गुरुवार को संत एंथोनी स्कूल परिसर में आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. कांचन गोपाल मंडल ने की।सम्मेलन का उद्घाटन समिति के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. काशीनाथ चटर्जी ने किया। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक जानकारी के साथ समाज में तर्कशीलता, सवाल पूछने की प्रवृत्ति और तथ्यों को समझने की क्षमता विकसित करना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, स्वास्थ्य, पर्यावरण और अन्य जनहित के विषयों पर संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाने का आह्वान किया।जिला सचिव डॉ. दुर्गादास भंडारी ने समिति की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि जामताड़ा में संगठन के कार्यों को समाज सुधारक एवं शिक्षाविद् ईश्वरचंद्र विद्यासागर के सामाजिक सुधार संबंधी विचारों तथा वैज्ञानिक चेतना से जोड़कर आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समिति की ओर से ‘लघु पत्रिका’ का दो बार प्रकाशन भी किया गया है।अध्यक्ष डॉ. कांचन गोपाल मंडल ने कहा कि ज्ञान-विज्ञान की अवधारणा को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर संवाद और जनभागीदारी जरूरी है। सम्मेलन में संगठन को मजबूत करने और गतिविधियों का विस्तार करने का संकल्प लिया गया।इस दौरान 17 सदस्यीय नई जिला समिति को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। डॉ. कांचन गोपाल मंडल अध्यक्ष, डॉ. डी.डी. भंडारी सचिव, नवारुण मल्लिक उपाध्यक्ष, तपन माजी सह-सचिव, प्रतिमा घोष कोषाध्यक्ष और काजल राय चौधरी मीडिया प्रभारी चुनी गईं। डॉ. पार्थ कुमार बोस एवं चंडीदास पुरी को संरक्षक बनाया गया।मौके पर डॉ. मदन सरकार, डॉ. चंचल भंडारी, रवि सिंह, चंचल राय, दुबराज भंडारी, बाल्मीकि कुमार, महेश्वर घोष, विद्यासागर, मानसी साधु, रत्ना पाल, चैताली तिवारी, नूपुर सरकार, पार्थ दास, फुलमनी सोरेन और बापन दास समेत अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन का समापन राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *