रेल पटरी पर मिला 43 वर्षीय व्यक्ति का शव, अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने की आशंका

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 27 सितंबर मिहिजाम। बोदमा केबिन और जामताड़ा के बीच डाउन मेन लाइन पर रविवार तड़के एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान तेलईपाड़ा निवासी मोहित किस्कू (43), पिता स्व. सुरेंद्र किस्कू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।बताया गया कि रेलवे पोल संख्या 243/2 के समीप बोदमा केबिन से जामताड़ा की ओर करीब 200 मीटर की दूरी पर रेल पटरी के पास मोहित किस्कू का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि, हादसा किस ट्रेन से और किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।घटना की सूचना मिलने के बाद मिहिजाम थाना पुलिस के एएसआई जहांगीर अंसारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, चित्तरंजन आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस और आरपीएफ कर्मियों ने शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया।इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है तथा यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोहित किस्कू रेलवे लाइन तक किस परिस्थिति में पहुंचे थे।मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दिए जाने के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *