ग्राहक बनकर दुकान में घुसे शातिर ठग, एक लाख के सोने के जेवर लेकर हुए नौ दो ग्यारह

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 12 अगस्त जामताड़ा। शहर के सुमित्रा मार्केट स्थित सिद्धि ज्वेलर्स में बुधवार की शाम दो शातिर युवकों ने ग्राहक बनकर दुकान संचालक को चकमा दिया और करीब एक लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना शाम लगभग 5:15 बजे श्रीकृष्णम वस्त्रालय के समीप स्थित आभूषण दुकान में हुई। वारदात के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।दुकान संचालक दीनदयाल अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि दो युवक ग्राहक के रूप में दुकान में दाखिल हुए थे। दोनों ने कान के टॉप्स और मंगलसूत्र के पेंडेंट दिखाने की मांग की। दुकानदार ने उनकी पसंद के अनुसार कई आभूषण सामने रखे। इसी दौरान दोनों युवकों ने बातचीत और आभूषण देखने का फायदा उठाते हुए कथित रूप से दो पेंडेंट गायब कर दिए।इसके बाद दोनों ने दुकानदार को दो हजार रुपये दिए और कहा कि वे अपनी महिला रिश्तेदार को साथ लेकर वापस आएंगे। दोनों के बाहर निकलने के बाद जब दुकानदार ने जेवरों का मिलान किया तो दो पेंडेंट गायब मिले। उन्होंने तत्काल दुकान से बाहर निकलकर दोनों युवकों की तलाश की, लेकिन तब तक आरोपी मौके से निकल चुके थे। दुकानदार के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।दुकानदार के अनुसार दोनों आरोपी अलग-अलग रास्तों से दुकान तक पहुंचे थे। एक युवक घूंघट साड़ी प्रतिष्ठान की ओर से आया था, जबकि दूसरा पॉपुलर मेडिकल हॉल की तरफ से पहुंचा। इनमें से एक ने सफेद शर्ट और सिर पर टोपी पहन रखी थी।घटना की सूचना पर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ दुकान पहुंचे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तस्वीरें जुटाई हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *