कमीशन भुगतान में देरी से बढ़ा आक्रोश, पीडीएस डीलरों ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 11 मई 2026 जामताड़ा। जामताड़ा जिला फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन की जामताड़ा शाखा ने सोमवार को कंबाइंड बिल्डिंग स्थित शिशु बागान परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर पीडीएस डीलरों की समस्याओं को लेकर आवाज बुलंद की। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष मोहन प्रसाद भैया के नेतृत्व में उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में जमशेदपुर के घाटशिला क्षेत्र में आर्थिक संकट से परेशान एक पीडीएस डीलर द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना पर गहरी चिंता जताई गई।एसोसिएशन के अनुसार, घाटशिला के बनवारी गांव निवासी पीडीएस डीलर मृणाल कांति रजक ने 6 मई को आत्महत्या कर ली थी। संघ का आरोप है कि पिछले नौ महीनों से विभाग द्वारा कमीशन का भुगतान नहीं किए जाने के कारण वे गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहे थे। लगातार बढ़ते आर्थिक दबाव और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच उन्होंने यह दुखद कदम उठाया। इस घटना को लेकर डीलरों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।ज्ञापन के माध्यम से एसोसिएशन ने सरकार से मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक आश्रित सदस्य को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही राज्यभर के करीब 25 हजार पीडीएस डीलरों का लंबित कमीशन और मानदेय अविलंब जारी करने की अपील की गई है।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी लाभुक को राशन नहीं मिलता है तो डीलरों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए निलंबन तक कर दिया जाता है, लेकिन जब विभागीय लापरवाही के कारण डीलर आर्थिक संकट में फंसते हैं तो उनकी समस्याओं पर गंभीरता नहीं दिखाई जाती। उन्होंने इसे विभाग की कार्यशैली की बड़ी विफलता बताया।संघ के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं किया गया तो डीलरों की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने सरकार से संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित समाधान की मांग की।इस अवसर पर प्रदेश मीडिया प्रभारी देव कुमार साव, सचिव अनिल कुमार गुप्ता, उपाध्यक्ष कृष्णा महतो, कोषाध्यक्ष रविंद्र नाथ मंडल, सैफुद्दीन अंसारी, ललित पंडित, कार्तिक दत्ता, सौरव मंडल, तरणी पोद्दार, सोहन राम, महेंद्र यादव, कृष्णा मुर्मू, सत्यनारायण तिबरीवाल, सोनू झा, अनिल शाह और सोमनाथ साधु सहित बड़ी संख्या में डीलर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *