जामताड़ा में 31 अक्टूबर को रोजगार मेला, 879 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 29 अक्टूबर जामताड़ा। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को करमाटांड़ स्थित सरकारी आईटीआई कॉलेज में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिला नियोजनालय की ओर से आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की नौ स्थानीय और बाहरी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इनके माध्यम से 879 से अधिक रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर इसकी तैयारी की जा रही है।रोजगार मेले में आठवीं पास से लेकर इंजीनियरिंग डिग्री प्राप्त युवाओं तक को अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। विभिन्न कंपनियों की ओर से डिप्लोमा अप्रेंटिस, ट्रेनी, कंपनी ट्रेनी, वीडियो क्रिएटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर, टेली कॉलर, असेंबली ऑपरेटर, क्वालिटी विभाग, सीएनसी ऑपरेटर, मशीन ऑपरेटर सहित कई तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। इसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, बाउंसर और इंश्योरेंस कंसल्टेंट के पद भी शामिल हैं।जिला नियोजनालय ने इच्छुक युवाओं से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील की है। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को 31 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपस्थित होना होगा। उम्मीदवार अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्रों, जाति प्रमाणपत्र, स्थानीय निवासी प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, बायोडाटा और फोटो साथ लेकर आएं।जिन युवाओं का अब तक किसी नियोजनालय में पंजीकरण नहीं हुआ है, वे जिला नियोजनालय अथवा झार नियोजन पोर्टल के माध्यम से अपना निबंधन करा सकते हैं।जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। चूंकि सभी रिक्तियां निजी क्षेत्र की हैं, इसलिए नियुक्ति की शर्तों और अन्य नियमों के लिए संबंधित नियोजक जिम्मेदार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *