न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 4 अक्टूबर चित्तरंजन। श्री श्री छोऐर पल्ली दुर्गा एवं काली पूजा कमेटी इस वर्ष अपनी पूजा का 75वां वर्ष प्लैटिनम जुबली के रूप में भव्यता और विशेष आकर्षण के साथ मनाने की तैयारी में जुटी है। आयोजन को यादगार बनाने के लिए पूजा पंडाल का निर्माण गुजरात स्थित प्रसिद्ध खोदालधाम मंदिर की तर्ज पर किया जा रहा है। पंडाल की कलात्मक संरचना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।कमेटी की ओर से बताया गया कि पूजा के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। पंचमी से नवमी तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें स्थानीय एवं बाहरी कलाकारों के साथ साथ प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही पूजा परिसर में मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जहां लोगों को विभिन्न प्रकार के मनोरंजन एवं खान-पान की सुविधाएं मिलेंगी।श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूजा परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने तथा वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए अलग से पार्किंग की व्यवस्था भी रखी गई है।इस वर्ष पूजा की एक विशेष बात यह होगी कि प्रतिमा का विसर्जन दशमी के बजाय एकादशी के दिन किया जाएगा। पूजा-अर्चना का दायित्व एरिया-6 निवासी पुरोहित संदीप चक्रवर्ती संभालेंगे।पूजा कमेटी के संरक्षक बाप्पा कुंडू, सचिव सुशांत मंडल और कोषाध्यक्ष सरोज झा हैं। आयोजन को सफल बनाने में उत्तम सिंह, हिरणमय गुहा, श्यामा पंडित, शेखर मजूमदार, विकास पाल और विनोद श्रीवास्तव सहित कमेटी के अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
75वें वर्ष में भव्य होगा श्री श्री छोऐर पल्ली दुर्गा पूजा उत्सव, खोदालधाम मंदिर की तर्ज पर बनेगा आकर्षक पंडाल

