न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 2 अक्टूबर चित्तरंजन। पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में गुरुवार को भारत स्काउट एवं गाइड के अंतर्गत तृतीय सोपान परीक्षण शिविर (टेस्टिंग कैंप) का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। तीन दिवसीय इस शिविर में गाइड के विद्यार्थियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षण और परीक्षण दिया जा रहा है।कार्यक्रम की शुरुआत स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों द्वारा मुख्य अतिथि चिरेका के मुख्य कार्मिक अधिकारी (सीपीओ) रंजन मोहंती तथा एसपीओ बीपी नायक को गार्ड ऑफ ऑनर देने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों एवं विद्यालय के अन्य पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया और भारत स्काउट एवं गाइड आंदोलन के संस्थापक रॉबर्ट बैडेन-पॉवेल तथा लेडी पॉवेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने गीत और नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि रंजन मोहंती ने अपने संबोधन में भारत स्काउट एवं गाइड की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केवल प्रशिक्षण की गतिविधि नहीं, बल्कि बच्चों में अनुशासन, सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने वाला आंदोलन है। इससे विद्यार्थियों में भविष्य के जिम्मेदार नागरिक बनने की क्षमता विकसित होती है।शिविर की संचालिका एवं प्रमुख सोनाली सुर ने तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शिविर में कुल 211 गाइड, 40 अनुरक्षक शिक्षक और पांच गाइड अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस दौरान प्रतिभागियों को निर्धारित गतिविधियों के आधार पर प्रशिक्षण एवं परीक्षण से गुजरना होगा।विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या सुदेशना कर सरखेल ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए शिविर को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम का संचालन ब्रजेश भट्टाचार्य ने किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
केन्द्रीय विद्यालय चित्तरंजन में तृतीय सोपान गाइड परीक्षण शिविर शुरू, 211 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

