101 कलश यात्रा से गूंजा कृष्णा नगर, महर्षि मेही आश्रम उद्घाटन में उमड़ा श्रद्धा और भक्ति का सैलाब

न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 14 मई 2026 मिहिजाम। मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 5 स्थित कृष्णा नगर गुरुवार को पूरी तरह आध्यात्मिक माहौल में डूबा नजर आया। यहां नव निर्मित महर्षि मेही आश्रम के उद्घाटन अवसर पर भव्य धार्मिक समारोह और सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति और अध्यात्म का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भजन, कीर्तन और संतवाणी की गूंज सुनाई देती रही।समारोह का शुभारंभ 101 महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुआ। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में नगर भ्रमण करते हुए भक्ति गीतों और जयघोष के साथ आश्रम पहुंचे। कलश यात्रा ने पूरे कृष्णा नगर क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच आश्रम का उद्घाटन किया गया।इस अवसर पर बिहार के भागलपुर स्थित कुपाघाट महर्षि मेही आश्रम से पधारे संत स्वामी अर्जुनंद बाबा, स्वामी पंचानंद बाबा एवं ब्रह्मचारी मोनू बाबा ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक जीवन का महत्व बताया। संतों ने कहा कि वर्तमान समय में मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन के लिए सत्संग और भक्ति सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने रामायण आधारित नवधा भक्ति की व्याख्या करते हुए श्रद्धालुओं को “संतन कर संगा”, “मम कथा प्रसंगा”, “अमान” और “मम गुण गान करई कपट तजि गान” जैसे भक्ति मार्गों पर चलने का संदेश दिया। संतों ने आत्मज्ञान और आत्मसाक्षात्कार को मानव जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य बताया।कार्यक्रम में वार्ड संख्या 1 के पार्षद विष्णुदेव मुर्मू तथा वार्ड संख्या 5 के पार्षद प्रतिनिधि रफीक अंसारी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में जामताड़ा जिला संतमत सत्संग समिति के अध्यक्ष मदन पोद्दार, मंत्री दिनेश्वर मंडल, कोषाध्यक्ष दिग्विजय पोद्दार, चित्तरंजन के परितोष लाल, रामसागर बर्नवाल, सीताराम बर्नवाल तथा मिहिजाम के शंकर यादव, महादेव यादव, कमलेश यादव, कुलदीप यादव और मनोज यादव की सक्रिय भूमिका रही।सत्संग के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *