न्यूज 61 लाइव संवाददाता काजल राय चौधरी 15 जून 2026 मिहिजाम। झारखंड आंदोलन से जुड़े वरिष्ठ समाजसेवी एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के समर्पित कार्यकर्ता रवि ठाकुर के निधन से पार्टी और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन को झामुमो ने आंदोलन और संगठन के लिए बड़ी क्षति बताया है। दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रविवार शाम मिहिजाम स्थित झामुमो कार्यालय में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय रवि ठाकुर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल भावुक बना रहा और कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बिताए संघर्ष के दिनों को याद किया।सभा को संबोधित करते हुए झामुमो के जिला उपाध्यक्ष एवं केंद्रीय समिति सदस्य प्रोफेसर कैलाश प्रसाद साव ने कहा कि रवि ठाकुर केवल एक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन के मजबूत स्तंभों में से एक थे। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण की लड़ाई के दौरान रवि ठाकुर ने जिस निष्ठा, साहस और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य किया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका जाना पार्टी और आंदोलन दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के कठिन दौर में रवि ठाकुर हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके योगदान को पार्टी हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगी।श्रद्धांजलि सभा में मौजूद अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि रवि ठाकुर ने अपना पूरा जीवन झारखंडी अस्मिता, सामाजिक सरोकारों और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित कर दिया था। उनके निधन से पार्टी ने एक ऐसे कर्मठ साथी को खो दिया है, जिसकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।कार्यक्रम में शेखर सिंह, नगर अध्यक्ष सलिल रमन उर्फ बंटू, सचिव महेंद्र टुडू, कोषाध्यक्ष मुरारी साव, प्रो. कृष्ण मोहन साह, रंजीत ठाकुर, सूरज रवानी, पल्लू यादव, राहुल सिंह, किशुन मिस्त्री, वार्ड पार्षद बिष्णु देव मुर्मू, कुंदन प्रसाद, सुरेंद्र टुडू, नाविक मंडल, गणेश मिस्त्री, रतन साव सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।श्रद्धांजलि सभा के अंत में सभी ने दिवंगत रवि ठाकुर के आदर्शों पर चलने और उनके अधूरे सामाजिक व संगठनात्मक सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
झामुमो ने खोया आंदोलन का समर्पित सिपाही: रवि ठाकुर को श्रद्धांजलि देने उमड़े नेता और कार्यकर्ता
